सोमवार, 7 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 14 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 14 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

12 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी समेत करीब 20 लाख रुपये का माल बरामद, जंगल में छिपाकर रखते थे चोरी के वाहन

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की 12 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी, कुल 14 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 6 सितंबर 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई। थाना सूरजपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गुलिस्तानपुर अंडरपास से एलजी कंपनी की तरफ जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ शूटर (24), अभिषेक (18), अजीत कुमार (23) और गौरव कुमार (19) के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ और निशानदेही के दौरान चोरी किए गए वाहनों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

रेकी के बाद चोरी करते थे वाहन

पुलिस के अनुसार, आरोपी शातिर और अभ्यस्त अपराधी हैं तथा उनका एक अंतरराज्यीय गिरोह है। गिरोह के सदस्य दिल्ली-एनसीआर के साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रेकी करते थे। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेते थे।

चोरी किए गए वाहनों को तत्काल बेचने के बजाय आरोपी उन्हें मोजरवियर गोलचक्कर से आगे सर्विस रोड पर रेलवे पुल के पास बने कच्चे रास्ते के किनारे जंगल में छिपाकर रखते थे। इसके बाद जरूरत और मौका मिलने पर इन वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया जाता था।

चोरी के वाहनों का बनाया था ठिकाना

पुलिस की कार्रवाई से सामने आया कि आरोपियों ने रेलवे पुल के आसपास जंगल में चोरी के दोपहिया वाहनों को छिपाने के लिए ठिकाना बना रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां से बड़ी संख्या में चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद कीं। एक साथ 14 दोपहिया वाहनों की बरामदगी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार आरोपी शिवम उर्फ शूटर राजधानी पार्क, नांगलोई दिल्ली का रहने वाला है और वर्तमान में सुत्याना, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र 24 वर्ष है।

अभिषेक मूल रूप से ग्राम टुकरी, थाना वजीरगंज, जिला बदायूं का निवासी है और वर्तमान में हबीबपुर, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र 18 वर्ष है।

अजीत कुमार ग्राम रघुनाथपुर, थाना जलालपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार का निवासी है और वर्तमान में हबीबपुर, थाना ईकोटेक-3 में रह रहा था। उसकी उम्र 23 वर्ष है।

गौरव कुमार ग्राम कुलेसरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर का निवासी है। उसकी उम्र 19 वर्ष है।

14 दोपहिया वाहन और दो चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 12 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इसके अलावा आरोपी शिवम और अजीत के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

इन मुकदमों का भी हुआ खुलासा

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में वाहन चोरी और बरामदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मु0अ0सं0 369/2026, धारा 303(2), थाना ईकोटेक-3, मु0अ0सं0 486/2026, धारा 303(2), थाना कविनगर, कमिश्नरेट गाजियाबाद तथा मु0अ0सं0 503/2026, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना सूरजपुर शामिल हैं।

पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में अन्य राज्यों और एनसीआर क्षेत्र में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों को खरीदने-बेचने वालों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।।