बुधवार, 23 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन दहन का बड़ा असर: 12.43 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थों का विनिष्टीकरण, 224 मुकदमों से जुड़ा था माल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन दहन का बड़ा असर: 12.43 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थों का विनिष्टीकरण, 224 मुकदमों से जुड़ा था माल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने विभिन्न थानों में दर्ज 224 एनडीपीएस मुकदमों से संबंधित जब्त और बरामद नशीले पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 12 करोड़ 43 लाख 42 हजार 750 रुपये बताई गई है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई 22 सितंबर 2026 को की गई। अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए 2,253.987 किलोग्राम गांजा, 20.87 किलोग्राम चरस, 2 किलोग्राम डोडा, 27 ग्राम स्मैक, 3,206 नशीली गोलियां और 51 ग्राम नशीला पाउडर का नियमानुसार विनिष्टीकरण किया।

पुलिस के मुताबिक कमिश्नरेट में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के दौरान चेकिंग और कार्रवाई में बरामद मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण के लिए एक समिति गठित की गई थी। संबंधित मामलों में माननीय न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद जब्त नशीले पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया।

पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि बड़ी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थों का विनिष्टीकरण तस्करों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई है। पुलिस का फोकस नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं और भावी पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने पर भी है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी स्थान पर नशीले पदार्थों की तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें या डायल-112 पर संपर्क करें।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने “नशा मुक्त समाज-सुरक्षित भविष्य” के संकल्प के साथ नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।।