सोमवार, 7 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के गांवों में 11.49 करोड़ के विकास कार्यों को रफ्तार, सांसद-विधायकों ने किया लोकार्पण और शिलान्यास!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के गांवों में 11.49 करोड़ के विकास कार्यों को रफ्तार, सांसद-विधायकों ने किया लोकार्पण और शिलान्यास!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सड़क, नाली, आरसीसी नाले, पुस्तकालय, चौपाल और बारातघर समेत कई विकास कार्य होंगे; ग्रामीणों की मांग पर जनहित में कराए जा रहे कार्य

नोएडा। नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए सोमवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. महेश शर्मा, सांसद, श्री सुरेंद्र सिंह नागर, राज्यसभा सांसद तथा श्री तेजपाल सिंह नागर, विधायक दादरी विधानसभा ने प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करीब 11.49 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस दौरान 391.04 लाख रुपये (करीब 3.91 करोड़ रुपये) की लागत से पूर्ण कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 758.38 लाख रुपये (करीब 7.58 करोड़ रुपये) की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था के साथ-साथ सामुदायिक सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा।

करीब 3.91 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान ग्राम छपरौली में 138.48 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड एवं नाली के कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा ग्राम दोस्तपुर मंगरौली में 107.47 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य तथा सेक्टर-141 स्थित ग्राम शाहदरा में 145.09 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, एमएस जाल, नालियों के कलवर्ट एवं अन्य मिश्रित विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

इन कार्यों से संबंधित गांवों में आवागमन और जल निकासी की समस्या में सुधार आने की उम्मीद है।

7.58 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

विभिन्न गांवों में करीब 7.58 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। इनमें ग्राम याकूतपुर में 64.59 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली अनुरक्षण कार्य शामिल है।

इसी प्रकार ग्राम दोस्तपुर मंगरौली में 24.71 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय/चौपाल का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम छपरौली में 197.68 लाख रुपये की लागत से बारातघर, गली नंबर-44, 48 तथा श्रीरामचंद्र मिशन स्कूल के सामने आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा।

ग्राम मोहियापुर की आंतरिक गलियों में 98.14 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड पेवमेंट एवं नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। वहीं सेक्टर-143 स्थित ग्राम गढ़ी में 220.07 लाख रुपये की लागत से बारातघर के अनुरक्षण का कार्य किया जाएगा।

इसके अलावा सेक्टर-141 के ग्राम शाहदरा में 153.19 लाख रुपये की लागत से श्री नागर गली एवं अन्य स्थानों पर कलवर्ट का पुनर्निर्माण, सीसी सड़क की मरम्मत तथा एमएस जाल लगाए जाने का कार्य कराया जाएगा।

ग्रामीणों की मांग और जनहित को ध्यान में रखकर हो रहे विकास कार्य

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, उपरोक्त सभी विकास कार्य ग्रामवासियों की मांग और जनहित को ध्यान में रखते हुए कराए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गांवों में सड़क, नाली एवं जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही ग्रामीणों को पुस्तकालय, चौपाल और बारातघर जैसी सामुदायिक सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य अनुरक्षण अभियंता (जन स्वास्थ्य), वरिष्ठ प्रबंधक वर्क सर्किल-9, वरिष्ठ प्रबंधक वर्क सर्किल-8 सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास को ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।