शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

गोण्डा- 11 सितंबर की देशव्यापी हड़ताल पर गोंडा में बैंकिंग कार्य रहा ठप, UFBU के आह्वान पर रही हड़ताल

शेयर करें:
गोण्डा- यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर को बैंकिंग उद्योग की एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल गोंडा जनपद में भी देखने को मिली।AIBOC के बैनर तले AIIBOA सहित सभी घटक संगठनों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हड़ताल में प्रतिभाग किया, जिसके कारण जनपद की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों, ग्रामीण बैंकों एवं अन्य बैंकों में कामकाज ठप रहा। हड़ताल के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए ऑल इंडिया इंडियन बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंडल सचिव तरुण शुक्ला ने कहा कि- बैंक प्रबंधन और सरकार का रवैया लगातार बैंककर्मियों के प्रति उपेक्षापूर्ण होता जा रहा है। हमारी दो सूत्रीय मुख्य मांगें एकदम न्यायोचित हैं - 
1.  दिनांक 8.3.2024 के द्विपक्षीय समझौते के अनुसार 5-Day Banking को अविलंब लागू किया जाए, जो सरकार के पास 18 महीनों से लंबित है। 
2. अधिकारियों के साथ PLI के नाम पर हो रहे भेदभावपूर्ण एवं विभाजनकारी व्यवहार को तत्काल खत्म किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि इसके साथ ही पेंशन अपडेशन, पर्याप्त भर्ती और अधिकारियों के उत्पीड़न पर रोक जैसी अन्य लंबित मांगों पर भी IBA और सरकार गंभीर नहीं है। चार सितंबर को IBA के साथ वार्ता और 8 सितंबर को मुख्य श्रमायुक्त (CLC) के समक्ष सुलह वार्ता विफल होने के बाद हड़ताल अपरिहार्य हो गई थी।

"जोश और आक्रोश के साथ निकली रैली"--
सुबह इंडियन बैंक, अंचल कार्यालय परिसर, गोंडा से बैंक अधिकारियों/कर्मचारियों की एक रैली निकाली गई, जो गुरुनानक चौराहे होते हुए बस अड्डा चौराहा पर एक सभा में परिवर्तित हो गई। हाथों में "Bank Bachao Desh Bachao", "No Privatisation", "We Want 5 Days Banking" की तख्तियां और नारे लगाते हुए बैंककर्मियों ने अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. अंजनी कुमार पांडे, AIIBOA उप्र एवं उत्तराखंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार, ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष, कर्मचारी यूनियन से सुधीर सिंह , यूपी ग्रामीण बैंक के मण्डल अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह और अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तथा अरविंद यादव क्षेत्रीय सचिव, बलरामपुर एवं कर्मचारी इंडियन बैंक से सचिव मुकेश कुमार, कौशल यादव, एके तिवारी, शिवप्रसाद मिश्रा, सुरेश कुमार तथा अधिकारी के संवर्ग में सुधांशु श्रीवास्तव, सुखदीप सिंह, प्रशान्त श्रीवास्तव, सिद्धार्थ त्रिपाठी, अभय शुक्ला, अमित वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि यदि सरकार एवं IBA द्वारा मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 28, 29 एवं 30 सितंबर को 3 दिवसीय और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।