बुधवार, 5 अगस्त 2026

लखनऊ :महिला टीचर के खाते से UPI के जरिए ₹1.89 लाख की साइबर,रिपोर्ट दर्ज।।||Lucknow:₹1.89 lakh cyber fraud was committed from a female teacher's account via UPI; a report has been filed.||

शेयर करें:
लखनऊ :
महिला टीचर के खाते से UPI के जरिए ₹1.89 लाख की साइबर,रिपोर्ट दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में साइबर ठगों ने एक सहायक अध्यापिका के बैंक खाते को निशाना बनाते हुए करीब ₹1.90 लाख की चपत लगा दी। पीड़िता के अनुसार, उनके सैलरी खाते से बिना अनुमति के UPI के माध्यम से कई ट्रांजेक्शन कर ₹2,49,998.84 निकाल लिए गए। हालांकि बाद में तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ₹60,000 खाते में वापस जमा हुए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ₹1,89,998.84 का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार, अंजनी कुमारी, पुत्री सुखराम, निवासी दामोदर नगर, आलमबाग थाना कृष्णानगर निवासिनी वर्तमान में अशोक विद्यापीठ इंटर कॉलेज, नकटहा मिश्र, जनपद कुशीनगर में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कृष्णानगर थाने में दी गई तहरीर में पुलिस को बताया कि 27 जुलाई 2026 को उनके बैंक खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना कई UPI ट्रांजेक्शन किए गए।
पीड़िता ने तहरीर के साथ बैंक ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट, ट्रांजेक्शन मैसेज के स्क्रीनशॉट, साइबर क्राइम पोर्टल (CCN) की रिपोर्ट, आधार कार्ड की प्रति तथा जिन संदिग्ध खातों में धनराशि भेजी गई, उनका विवरण भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
पीड़िता ने पुलिस से साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धनराशि वापस दिलाने और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर साइबर ठगी के इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, UPI ट्रांजेक्शन और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।