मंगलवार, 4 अगस्त 2026

लखनऊ :NCC बेटियों का प्रदेश में परचम,शूटिंग चैंपियनशिप ट्रॉफी पर किया कब्जा।||Lucknow:NCC girls hoisted the state flag, captured the shooting championship trophy.||

शेयर करें:
लखनऊ :
NCC बेटियों का प्रदेश में परचम,शूटिंग चैंपियनशिप ट्रॉफी पर किया कब्जा।
दो टूक : एनसीसी ग्रुप लखनऊ की बालिका टीम ने थल सैनिक शिविर में रचा इतिहास, कई कैडेटों ने जीते स्वर्ण और रजत पदक।।
विस्तार :
 एनसीसी ग्रुप मुख्यालय लखनऊ की बालिका टीम ने प्रदेश स्तरीय थल सैनिक शिविर में शानदार प्रदर्शन करते हुए शूटिंग प्रतियोगिता की चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम कर ली। बरेली में 26 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक आयोजित दस दिवसीय शिविर में उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के 11 ग्रुप मुख्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन सटीक निशानेबाजी और अनुशासित प्रदर्शन के दम पर लखनऊ की बेटियों ने सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में अपना परचम लहरा दिया।
टीम की इस उपलब्धि के पीछे पिछले दो माह की कड़ी मेहनत रही। 11 जीआरआरसी लखनऊ की शॉर्ट फायरिंग रेंज में कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक, कमान अधिकारी, 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के निर्देशन में सैन्य स्टाफ ने कैडेटों को नियमित प्रशिक्षण दिया, जिसका परिणाम प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में देखने को मिला।
शिविर के दौरान लखनऊ ग्रुप की 27 चयनित बालिका कैडेटों ने बाधा प्रशिक्षण, हेल्थ एवं हाइजीन, मैप रीडिंग, जजिंग डिस्टेंस, फील्ड सिग्नल्स और सर्विस विषयों की लिखित एवं व्यावहारिक प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इन कैडेटों ने जीते पदक
कैडेट जिज्ञासा शर्मा – जूनियर विंग ग्रुपिंग फायर में स्वर्ण पदक
कैडेट हिमानी – जूनियर विंग स्नैप शूटिंग में स्वर्ण पदक
कैडेट आयुष्मिता पटेल – सीनियर विंग स्नैप शूटिंग में रजत पदक
कैडेट अनन्या तिवारी – जजिंग डिस्टेंस एवं फील्ड सिग्नल्स में रजत पदक
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित कैडेट अब अगले स्तर के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगी। इसके बाद उनका चयन अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप, दिल्ली के लिए किया जाएगा, जहां वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश और लखनऊ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रदेश स्तरीय जीत के बाद जब विजेता टीम मंगलवार को लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पहुंची तो कमान अधिकारी के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। जीत की खुशी से सराबोर कैडेटों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस उपलब्धि ने न केवल एनसीसी ग्रुप लखनऊ का गौरव बढ़ाया है, बल्कि प्रदेश की बेटियों की प्रतिभा और अनुशासन का भी शानदार परिचय दिया है।