मऊ :
यातायात पुलिस को मिली हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक,सड़क हादसों पर लगेगी लगाम।।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : एसपी कमलेश बहादुर ने दो आधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को दिखाई हरी झंडी, तेज रफ्तार व नशे में वाहन चलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर।
विस्तार :
मऊ जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा यातायात व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सशक्त करने की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने यातायात पुलिस को उपलब्ध कराए गए दो आधुनिक इंटरसेप्टर (दो पहिया) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसपी ने बताया कि इन अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने में मदद मिलेगी। दोनों वाहन स्पीड लेजर मीटर और ब्रेथ एनालाइज़र जैसे आधुनिक उपकरणों से लैस हैं, जिनकी सहायता से तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा प्रेशर हॉर्न, हूटर सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात पुलिस के आधुनिकीकरण से सड़क सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
