लखनऊ :
सीएम योगी के निशुल्क रोडवेज बस यात्रा की सौगात से महिलाओं के चेहरे खिले।।
◆योगी को देखते ही गूंजा ‘हर-हर महादेव’, बेटियों ने कहा—हमें गर्व है।।
दो टूक : अब जब चाहें अयोध्या-काशी जाएंगे’, बुजुर्ग महिलाओं ने जताई खुशी
सीएम से संवाद में बोलीं महिलाएं—अब सफर के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
विस्तार :
लखनऊ, 26 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दिए जाने के शुभारंभ कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान कई बुजुर्ग महिलाएं भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें कहीं आने-जाने के लिए किराये की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और न ही यात्रा के लिए किसी दूसरे पर निर्भर रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री को सामने देखते ही महिलाओं ने ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष कर अपनी खुशी जाहिर की।
‘◆अब जहां चाहेंगे, वहां जाएंगे’।
गोसाईंगंज की गणेश देवी ने कहा कि निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से अब वह निश्चिंत होकर सफर कर सकेंगी। राजरानी ने कहा कि अब जहां जाने की इच्छा होगी, वहां जा सकेंगी। लखनऊ के निजामपुर की मिठाना देवी ने कहा कि सरकार की इस सुविधा से महिलाओं को यात्रा के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम में पहुंचीं कई बुजुर्ग महिलाओं ने अयोध्या और काशी जाने की इच्छा जताई। उनका कहना था कि किराये की चिंता खत्म होने से अब धार्मिक स्थलों की यात्रा भी आसान हो जाएगी।
रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर छात्राओं में उत्साह।
नारी शिक्षा निकेतन पीजी कॉलेज की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजली श्रीवास्तव ने कहा कि वह रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जाएंगी और निशुल्क बस यात्रा सुविधा का लाभ उठाएंगी। जानकीपुरम की आस्था राजपूत ने बताया कि वह अपनी मां के साथ राखी बांधने जाएंगी और दोनों इस सुविधा का लाभ लेंगी।
खदरा की शगुन निषाद ने भी योजना को लेकर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ी और मिठाई का उपहार भी दिया गया। अहमामऊ की रचना रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पहली बार मुलाकात को अपने लिए खास अनुभव बताया।
‘महिलाओं और बच्चों की चिंता करते हैं मुख्यमंत्री’।
फैजुल्लागंज की हिना परवीन ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए मुख्यमंत्री की योजनाएं देखकर गर्व महसूस होता है। सिद्धार्थनगर की दिव्या पाठक ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुविधा को लेकर सरकार की सोच सकारात्मक है। कार्यक्रम में सरोजनीनगर की कृष्णावती, जनक दुलारी और उबराजा समेत बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं मौजूद रहीं।
इनमें कई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और सिलाई, कताई-बुनाई जैसे कार्यों के जरिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रही हैं।
‘●परिवार पैसा न दे तो भी कर सकेंगे मुफ्त सफर’।
उन्नाव की सुनीता अवस्थी ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि परिवार से पैसा न मिलने की स्थिति में भी अब महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि महिलाओं के लिए यह बड़ा काम है।
उन्नाव की पुष्पा ने भी निशुल्क बस सेवा शुरू होने पर खुशी जताई। लखनऊ की उषा पाल ने कहा कि अब महिलाओं को कहीं आने-जाने के लिए किसी का मोहताज नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि सफर करने वाली महिलाएं आपका नाम लेंगी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छे लोगों को चुनते हैं तो अच्छे परिणाम मिलते हैं।
◆सीतापुर से लखनऊ आना-जाना होगा आसान।
सीतापुर की रीता सक्सेना ने निशुल्क बस यात्रा सुविधा के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सीतापुर से लखनऊ आना-जाना आसान होगा और महिलाओं को किसी पर आश्रित नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अब जब इच्छा होगी, मंदिर, अयोध्या या बनारस की यात्रा की जा सकेगी।
गाजीपुर की लायका खातून ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि निशुल्क बस यात्रा से महिलाओं का सफर आसान हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार चुनी जाती है तो जनता को इसी तरह अनेक सुविधाओं का लाभ मिलता है।
◆दो टूक मीडिया संवाद मे महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा को कार्यक्रम में पहुंचीं महिलाओं ने स्वतंत्र और सुविधाजनक आवागमन की दिशा में बड़ी सौगात बताया। संवाद के दौरान महिलाओं की खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
