शनिवार, 22 अगस्त 2026

लखनऊ :बालिका विद्यालय में कजरी पर्व की मनोहारी प्रस्तुतियों ने बांधा समां।।||Lucknow:The girls' school was captivated by the beautiful performances of the Kajri festival.||

शेयर करें:
लखनऊ :
बालिका विद्यालय में कजरी पर्व की मनोहारी प्रस्तुतियों ने बांधा समां।।
दो टूक :  बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर लखनऊ में भारत विकास परिषद महिला शाखा, चौक के सौजन्य से संस्कृति सप्ताह के समापन अवसर पर कजरी पर्व का भव्य आयोजन किया गया। छात्राओं ने कजरी गीतों की मनोहारी प्रस्तुतियों और पारंपरिक नृत्य के माध्यम से सावन की लोक-संस्कृति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
विस्तार :
शनिवार को विद्यालय मे कजरी पर्व 
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्पण के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. लीना मिश्र ने भारत विकास परिषद महिला शाखा, चौक की संरक्षिका कंचन अग्रवाल, संस्कार गतिविधि संयोजिका तुलसी गौड़ एवं महिला सहभागिता गतिविधि संयोजिका साधना रस्तोगी का स्वागत किया।
इस दौरान ‘सावन भादों बरसे बदरिया’, ‘हमरे पिया घर ना आए, हमके याद सताए’, ‘झूला परल कदम की डारी, झूले कृष्ण मुरारी ना’ और ‘बादरिया घेरि आई ननदी’ जैसे कजरी गीतों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। छात्राओं की गायन, नृत्य और भावाभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। शिक्षिकाओं शालिनी श्रीवास्तव, प्रतिभा रानी, अनीता श्रीवास्तव, माधवी सिंह एवं रागिनी यादव ने भी कजरी गीत प्रस्तुत कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
प्रधानाचार्य डॉ. लीना मिश्र ने कहा कि कजरी भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और शास्त्रीयता का उत्कृष्ट समन्वय है। लोकगीत और लोकनृत्य हमारी सामूहिक स्मृति और सांस्कृतिक अनुभवों के जीवंत दस्तावेज हैं। ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में कक्षा छह की जाह्नवी एवं अनन्या ने प्रथम, कक्षा आठ की जाह्नवी एवं दिव्यांशी ने द्वितीय तथा कक्षा आठ की आयशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खुशी और ज्योति को सांत्वना पुरस्कार मिला।
सीनियर वर्ग में कक्षा दस की रोशनी ने प्रथम, काजल तिवारी ने द्वितीय और नैंसी कनौजिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। सोनी सिंह को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्णायकों ने छात्राओं के गायन, लय, भावाभिव्यक्ति और मंचीय प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10 की काजल एवं कक्षा 12 की चाहत ने किया। समापन अवसर पर छात्राओं को खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।