लखनऊ :
आलमबाग में महिला बैंक मैनेजर पर ज्वलनशील पदार्थ से सनसनीखेज हमला,पुलिस जांच में जुटी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र रेलवे कालोनी के पास बीते मंगलवार शाम एक महिला बैंक मैनेजर पर हुए ज्वलनशील पदार्थ के हमले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक से ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही महिला को एक अज्ञात युवक ने उस समय निशाना बनाया, जब वह अपनी कार में बैठने वाली थीं। आरोपी ने पहले कार का शीशा खुलवाया और फिर चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। अचानक हुए हमले से महिला दर्द से चीख उठीं। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला का चेहरा लगभग पांच प्रतिशत तक झुलसा है और उनका उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरो के सहारे हमलावरों की तलाश में जुटी है।
विस्तार:
मिली जानकारी के अनुसार लखन गोमतीनगर विस्तार की रहने वाली महिला मनप्रीत कौर सेण्टर बैंक शाखा मानक नगर आलमबाग मे बैंक मैनेजर है। बीते मंगलवार को महिला रोज की तरह बैंक से निकलकर अपनी कार तक पहुंचीं। जैसे ही वह वाहन में बैठीं, एक युवक ने कार के शीशे पर हाथ मारकर उनका ध्यान आकर्षित किया। शीशा नीचे होते ही उसने बोतल में मौजूद ज्वलनशील तरल पदार्थ सीधे उनके चेहरे पर फेंक दिया। हमले के बाद आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, धमकी दी और मौके से भाग निकला। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमले में किसी ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ, जैसे थिनर या नेल पॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल किया गया हो। इसकी पुष्टि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार पीड़िता गोमती नगर विस्तार की रहने वाली हैं और मानक नगर स्थित एक बैंक शाखा में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि महिला का अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है। हालांकि पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं—पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश, पेशेगत कारण और अन्य संभावित एंगल—की गहन जांच कर रही है।
DCP मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक महिला बैंक मैनेजर पर बैंक से घर जाते समय कार मे बैठते ही उनके उपर ज्वलनशील तरल पदार्थ फेंक दिया गया है और गाली गलौज करते हुए धमकी देते हुए हमलावर फरार हो गया है
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपना काम कर रही है।
