बुधवार, 5 अगस्त 2026

लखनऊ : घरेलू विवाद के बाद बेटे और पत्नी ने मिलकर रेलवे कर्मी को पीट पीटकर उतारा था मौत घाट,दोनों गिरफ्तार।।||Lucknow: Following a domestic dispute, a son and his wife beat a railway employee to death; both have been arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
घरेलू विवाद के बाद बेटे और पत्नी ने मिलकर रेलवे कर्मी को पीट पीटकर उतारा था मौत घाट,दोनों गिरफ्तार।।
दो टूक  : राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। शराब के नशे में घर लौटे रेलवे कर्मी का पत्नी और बेटे से विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में निगोहां पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
विस्तार
थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि रेलवे में इंडोर हॉस्पिटल में अटेंडेंट के पद पर कार्यरत कैलाश चन्द्र (54) ग्राम मीरक नगर थाना निगोहां लखनऊ मे परिवार के साथ रहते थे और शराब पीने के आदी थे। 3 अगस्त 2026 की देर शाम वह नशे की हालत में घर पहुंचे, जिसके बाद घरेलू बातों को लेकर पत्नी लज्जावती और बेटे अरुण कुमार उर्फ शिवम से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मां-बेटे ने मिलकर कैलाश चन्द्र की पिटाई कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल कैलाश चन्द्र को इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 4 अगस्त को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की मां रामपति की तहरीर पर थाना निगोहां में मु0अ0सं0-104/2026 के तहत धारा 115(2), 352 और 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में गठित दो टीमों ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 अगस्त को आरोपी लज्जावती (45) और अरुण कुमार उर्फ शिवम (22) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पूछताछ में बेटे ने कबूला अपराध।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि उसके पिता रेलवे विभाग में वार्ड बॉय थे और शराब पीने के कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी शराब के नशे में विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने और उसकी मां ने मिलकर कैलाश चन्द्र की पिटाई कर दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगने लगे।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।।