लखनऊ :
झपट्टा मारक महिला के कान से झुमकी छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र में महिला के कान से सोने की झुमकी झपटकर फरार होने वाले शातिर बदमाश को पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम और ठाकुरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की झुमकी और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है। आरोपी पर पहले से लूट, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और झपटमारी सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को मीरा वर्मा निवासी कमता कॉन्वेंट स्कूल, आलमनगर (राजाजीपुरम) दोपहर के समय पैदल गेस्ट हाउस लौट रही थीं। जब वह कैम्पवेल रोड स्थित सत्यापुरम कॉलोनी के पास नायरा पेट्रोल पंप के निकट पहुंचीं, तभी पीछे से स्कूटी सवार एक बदमाश ने उनके कान से सोने की झुमकी झपट ली। झपटमारी के दौरान महिला के कान में गंभीर चोट भी आई। पीड़िता की तहरीर पर ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए ठाकुरगंज पुलिस और पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान की। पुलिस ने सोमवार को भूहर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास से बब्लू उर्फ कलीम (46 वर्ष) निवासी बरावनकलां, थाना दुबग्गा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से महिला की लूटी गई पीली धातु की सोने की झुमकी और घटना में प्रयुक्त यूपी-32 डीएफ-8254 नंबर की महरून रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में लूट, झपटमारी, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में आठ आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अन्य झपटमारी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक मनुज कुमार मलिक, मुदित राय, शुभम सिंह सहित ठाकुरगंज पुलिस टीम तथा पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक अंकित बालियान, हेड कांस्टेबल वीर सिंह और कांस्टेबल आशीष कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
