लखनऊ :
बेसमेंट पार्किंग से कार का टायर-रिम चोरी, पुराना पहिया लगाकर फरार हुए चोर,CCTV न होने से जांच पर उठे सवाल।।
एक सप्ताह बाद लौटे कार मालिक को हुई चोरी की जानकारी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक अपार्टमेंट की बेसमेंट पार्किंग से हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है जहां कार का टायर और रिम चोरी कर लिया गया है चोर कार का एक नया पहिया (टायर व रिम) निकालकर उसकी जगह पुराना टायर और पुराना रिम लगाकर फरार हो गए। घटना के बाद अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था और बेसमेंट में CCTV कैमरे न होने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
विस्तार :
पीड़ित अनिल कुमार मिश्रा के अनुसार उनकी वैगनआर कार (UP32GX1024) अपार्टमेंट की बेसमेंट पार्किंग में निर्धारित पार्किंग स्थल B-137 पर खड़ी थी। वह 25 जुलाई से 31 जुलाई तक शहर से बाहर थे। वापस लौटने के बाद जब वह सुबह करीब 11 बजे कार लेकर बाहर जाने पहुंचे तो देखा कि कार का एक पहिया बदला हुआ है।
जांच करने पर पता चला कि कार के आगे दोनों पहिए पहले MRF कंपनी के थे, लेकिन एक नया टायर और उसका रिम चोरी कर उसकी जगह CEAT कंपनी का पुराना टायर और पुराना रिम लगा दिया गया था। इससे साफ जाहिर होता है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुनियोजित तरीके से कार का पहिया बदलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना अपार्टमेंट की सिक्योरिटी एजेंसी को दी। सिक्योरिटी कर्मियों ने बताया कि बेसमेंट पार्किंग में CCTV कैमरे नहीं लगे हैं, जिसके कारण यह पता लगाना मुश्किल है कि चोरी किसने की।
इसके बाद पीड़ित ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराते हुए चोरी गए टायर और रिम की बरामदगी तथा आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, घटना ने अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि बिना CCTV निगरानी के बेसमेंट पार्किंग में इस तरह की वारदातें वाहन मालिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं।
