गौतमबुद्धनगर: नकली सोना और नोटों की गड्डी का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार!!
बिसरख पुलिस ने टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों समेत एक महिला को दबोचा, भारी मात्रा में पीली धातु, तीन लाख रुपये और मोबाइल बरामद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना पुलिस ने टप्पेबाजी और ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य आम लोगों को नकली सोना दिखाकर और कागज की गड्डियों के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर पैसे ऐंठते थे। इसके अलावा पैसे का लालच देकर लोगों से उनकी असली ज्वैलरी भी ले जाते थे। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से करीब 8 किलो 562 ग्राम पीली धातु, तीन लाख रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन, नौ मोबाइल बैट्री और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला के साथ टप्पेबाजी की घटना सामने आई थी। महिला के पास दो व्यक्ति आकर बैठ गए। इसी दौरान एक आरोपी ने खुद को नौकरी से निकाला जाना बताते हुए बैग में काफी रुपये होने की बात कही। दूसरे आरोपी ने महिला को भरोसे में लेते हुए कहा कि उसकी मदद करनी चाहिए और रुपये आपस में बांट लिए जाएंगे। आरोपी ने अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कहकर महिला से भी ज्वैलरी देने के लिए कहा।
आरोपियों के झांसे में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन और कान के कुंडल उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को गुमराह कर मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने पर बिसरख पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई। शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर राय (42), विशाल राय (21), संजू राय (30), सेवा राम राय (60) और मीना (56) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मूल रूप से फिरोजाबाद के जैन नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में युसुफपुर चक, शाहबेरी में रह रहे थे।
ऐसे लोगों को जाल में फंसाता था गिरोह
पूछताछ में मुख्य आरोपी किशोर राय और उसके साथियों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर आम लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। गिरोह के सदस्य नकली सोने को असली बताकर उसके बदले रुपये लेते थे, जबकि कई मामलों में कागज की गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर लोगों को बड़ी रकम होने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद लालच देकर लोगों से उनकी असली ज्वैलरी या रुपये हासिल कर आरोपी मौके से फरार हो जाते थे।
यह सामान हुआ बरामद
- पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे, वजन 5 किलो 224 ग्राम
- पीली धातु के सिक्के, वजन 3 किलो 338 ग्राम
- 3 लाख रुपये नकद
- विभिन्न कंपनियों के 10 कीपैड मोबाइल फोन
- कीपैड मोबाइल की 9 बैट्री
- 6 स्मार्टफोन
- आरोपी संजू के कब्जे से एक अवैध चाकू
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बिसरख में मु0अ0सं0 556/26, धारा 318(3), 317(2) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।।
