अम्बेडकरनगर :
अवैध तमंचे के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, चार मुकदमों का है आरोपी।।
।।पूनम तिवारी।।
दो टूक : अंबेडकर नगर जनपद के थाना भीटी पुलिस टीम ने देर रात चेकिंग के दौरान एक शातिर युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही लूट और आर्म्स एक्ट के चार मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार:
भीटी इंस्पेक्टर कृष्ण बली सिंह के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब दो बजे डैयाडीह मंदिर के पास भीटी पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। युवक के भागते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान आदर्श वर्मा पुत्र स्वर्गीय खुशीराम वर्मा, निवासी ग्राम जुआ, थाना भीटी के रूप में हुई। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार आदर्श वर्मा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना अकबरपुर और भीटी में लूट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल चार मुकदमे पहले से दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियार के स्रोत की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण बली सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा था। उसके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में अवैध तमंचा और कारतूस मिलने के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।। भीटी पुलिस की देर रात हुई इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ है कि संदिग्ध गतिविधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।
