लखनऊ :
निगोहाँ पुलिस ने गेहूं चोरी करने वाले दो शातिरों को किया गिरफ्तार,150 किलो गेहूं बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना निगोहाँ पुलिस टीम ने गेहूं चोरी करने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन बोरी गेहूं (करीब 150 किलोग्राम) बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,600 रुपये बताई गई है।
विस्तार :
थाना निगोहां पुलिस के मुताबिक, 28 जुलाई 2026 को.स्थानीय थाना क्षेत्र दाऊदपुर मजरा गोविंदपुर निवासी किसान संतोष कुमार ने थाने मे तहरीर देते हुए शिकायत दर्ज कराई थी कि पशुओं के लिए बनाए गए कमरे में भूसे के बीच रखी गेहूं की बोरियां चोरी हो गई हैं। मिली तहरीर के आधार पर निगोहाँ थाने में मुकदमा संख्या 99/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम
आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए घटना की छानबीन शुरु कर दिया। मुखबिर की सूचना और स्थानीय स्तर पर की गई जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी रामअनुज लोधी और उसके साथी विवेक कुमार रावत उर्फ कटहुना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर जंगल-मंगल तिराहा के पास जंगल में छिपाकर रखी गई चोरी की तीनों गेहूं की बोरियां बरामद कर ली गईं।
पूछताछ में आरोपी रामअनुज ने पुलिस को बताया कि वह और उसका साथी नशा और शराब के आदी हैं। नशे के लिए पैसे नहीं होने पर उन्होंने पड़ोसी संतोष कुमार के यहां भूसे के बीच रखी गेहूं की बोरियां चोरी करने की योजना बनाई। दोनों ने रात में कमरे में घुसकर तीन बोरी गेहूं चोरी की और उन्हें जंगल में छिपा दिया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती होने की बात कही।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय रामअनुज लोधी और 32 वर्षीय विवेक कुमार रावत उर्फ कटहुना, दोनों निवासी ग्राम दाऊदपुर, थाना निगोहाँ, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 305(ए) एवं 317(2) बीएनएस के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहाँ से जेल भेज दिया गया।
