मंगलवार, 11 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-108 की डिवाइन मीडोज में 16वीं मंजिल से गिरी नवविवाहिता, मौत; पति हिरासत में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-108 की डिवाइन मीडोज में 16वीं मंजिल से गिरी नवविवाहिता, मौत; पति हिरासत में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई घटना, एक माह पहले ही हुई थी 24 वर्षीय कामिनी की शादी; मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में 24 वर्षीय नवविवाहिता कामिनी कुमारी की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना 9 अगस्त 2026 की है। बताया जा रहा है कि कामिनी की शादी महज एक महीने पहले 11 जुलाई 2026 को मंथन धीमान के साथ हुई थी। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, महिला के 16वीं मंजिल से गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल कामिनी को उसके पति द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

मृतका के परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, कामिनी और मंथन शादी से पहले करीब दो वर्ष तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे। इसके बाद दोनों ने 11 जुलाई को शादी की थी। शादी के महज एक महीने बाद कामिनी की मौत होने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

हादसा, आत्महत्या या कोई और वजह? जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कामिनी की 16वीं मंजिल से गिरने की घटना हादसा थी, आत्महत्या या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस फॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की शिकायत समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है तथा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।