गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज: नोएडा पुलिस ने डीजे संचालकों और शिविर आयोजकों को दिए सख्त दिशा-निर्देश!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी/एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा श्रीमती दीक्षा सिंह ने थाना फेस-3 परिसर में संभ्रांत नागरिकों, डीजे संचालकों और कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसीपी दीक्षा सिंह ने सभी उपस्थित लोगों से जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।
गोष्ठी के दौरान डीजे संचालकों के साथ विशेष रूप से संवाद करते हुए उन्हें प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ शिविर आयोजकों को बताया गया कि सभी शिविर केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही लगाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मानसून के मौसम को देखते हुए पुलिस ने शिविरों में विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। आयोजकों से कहा गया कि सभी विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराई जाए तथा बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। इसके अलावा प्रत्येक कांवड़ शिविर में आपातकालीन मेडिकल किट उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम नागरिकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।।
