मऊ :
घोसी क्षेत्र में महिला की मौत के बाद भड़के ग्रामीण,पुलिस और पब्लिक मे हुआ बवाल चले ईंट पथराव,लाठीचार्ज से मचा हड़कंप।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद मऊ के घोसी क्षेत्र में शनिवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हालात को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को दौड़ाकर खदेड़ा, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए यातायात बहाल कराया।
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपद्रव फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतका के परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस-प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों की मांग है कि हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उपद्रवियों पर मुकदमा होगा दर्ज।
●पुलिस के अनुसार घोसी थाना क्षेत्र के पीढ़वल बाजार के आसपास शनिवार शाम लगभग 5 बजे एक महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलने पर थाना घोसी की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ शरारती तत्वों ने परिजनों को बहकाकर सड़क जाम कराने की कोशिश किया तब तक अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई करना चाह रही थी इसी बीच कुछ अराजक और शरारती तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठी फटकारकर स्थिति को नियंत्रित किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इस मामले में एक मुकदमा सड़क दुर्घटना के संबंध में दर्ज किया गया है। वहीं, जिन लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और पुलिस पर पथराव किया, उनके खिलाफ भी अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। क्षेत्राधिकारी घोसी और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मौके पर मौजूद हैं तथा क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।"
●महिला की मौत से आक्रोशित पब्लिक ने शव रखकर सड़क किया जाम।
