मंगलवार, 23 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: छात्रों की सुरक्षा पर नोएडा प्रशासन सख्त: अवैध कोचिंग सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, ओम एजुकेशन सेंटर सील!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: छात्रों की सुरक्षा पर नोएडा प्रशासन सख्त: अवैध कोचिंग सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, ओम एजुकेशन सेंटर सील!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 23 जून। लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद नोएडा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में संचालित अवैध कोचिंग सेंटरों एवं गेमिंग जोन के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मंगलवार को सेक्टर-104 स्थित ओम एजुकेशन सेंटर पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि संस्थान बिना आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा फायर एनओसी, वैध पंजीकरण और आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं मिली। गंभीर खामियां पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कोचिंग सेंटर को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), सिटी मजिस्ट्रेट तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संस्थान में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों और दस्तावेजों की गहन जांच की तथा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई।
इसी क्रम में सेक्टर-49 के बरौला क्षेत्र में संचालित बासु क्लासेज के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान यहां भी आवश्यक अनुमति और मानकों के संबंध में अनियमितताएं सामने आईं। प्रशासन ने संबंधित संचालकों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में संचालित कोचिंग सेंटरों, गेमिंग जोन और अन्य सार्वजनिक संस्थानों की व्यापक जांच जारी रहेगी। जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन, अवैध संचालन या आवश्यक अनुमतियों की कमी पाई जाएगी, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।।