शनिवार, 20 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी में तीसरी मंजिल पर बने कमरे में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी में तीसरी मंजिल पर बने कमरे में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ब्रह्मपुरी गेट क्षेत्र में सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी, लकड़ी और कबाड़ सामग्री जलकर खाक; जनहानि नहीं

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, दादरी। दादरी थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी गेट के पास शनिवार सुबह एक मकान की तीसरी मंजिल पर बने खुले कमरे में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और उठता धुआं देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7:24 बजे ब्रह्मपुरी गेट क्षेत्र में आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट दादरी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि एक मकान की तीसरी मंजिल पर स्थित खुले कमरे में आग धधक रही थी और धीरे-धीरे फैल रही थी।

बताया गया कि कमरे में लकड़ी का सामान, पुराना कबाड़, वेस्टेज सामग्री तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुएं बड़ी मात्रा में रखी हुई थीं। इन्हीं वस्तुओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग आसपास के हिस्सों में भी फैल सकती थी, जिससे नुकसान और बढ़ने की आशंका थी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप चौबे ने बताया कि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। फायर कर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही देर में आग को नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद शीतलीकरण (कूलिंग) की प्रक्रिया पूरी कर यह सुनिश्चित किया गया कि आग दोबारा न भड़क सके।

आग लगने की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास एकत्र हो गए और आग बुझाने की कार्रवाई को देखते रहे। हालांकि दमकल विभाग की मुस्तैदी और पेशेवर कार्यशैली के चलते हालात जल्द सामान्य हो गए।

प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरे में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने भी दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।