मंगलवार, 23 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के पेट्रोल पंप पर दबंगई का तांडव: युवकों के बीच खूनी संघर्ष से मची अफरा-तफरी, दो आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के पेट्रोल पंप पर दबंगई का तांडव: युवकों के बीच खूनी संघर्ष से मची अफरा-तफरी, दो आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के छपरौला स्थित लाल कुआं क्षेत्र में स्थित त्यागी पेट्रोल एवं सीएनजी पंप पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई। पेट्रोल पंप परिसर में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई युवक एक-दूसरे पर हमला करते और हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया और पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। मारपीट के दौरान वहां मौजूद ग्राहक और कर्मचारी अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। पेट्रोल और सीएनजी जैसे अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों के बीच हुई इस घटना ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी। काफी देर तक हंगामा और मारपीट का दौर चलता रहा, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा का विषय बन गया। वायरल वीडियो में युवक खुलेआम मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हैं।

मामले की सूचना मिलते ही थाना बादलपुर पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई में घटना में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को पेट्रोल पंप पर वादी के साथ हुई मारपीट की घटना में नामजद आरोपी राहुल पुत्र मदन सिंह निवासी सलारपुर, थाना बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ (उम्र लगभग 26 वर्ष) तथा प्रदीप पुत्र धनपाल सिंह निवासी सलारपुर, थाना बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती दबंगई पर चिंता जताते हुए ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून के प्रति लोगों के सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।