सोमवार, 22 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मामूरा की बेटी दीपा जाटव ने थाईलैंड में लहराया तिरंगा, गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया देश का मान; भाकियू लोकशक्ति ने किया सम्मानित!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: मामूरा की बेटी दीपा जाटव ने थाईलैंड में लहराया तिरंगा, गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया देश का मान; भाकियू लोकशक्ति ने किया सम्मानित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। ग्राम मामूरा की होनहार बेटी दीपा जाटव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाते हुए थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 13 जून 2026 को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर दीपा ने न केवल अपने गांव और नोएडा का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित करने का कार्य किया।

दीपा जाटव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने दीपा को गुलदस्ता भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और दीपा जाटव इसका जीवंत उदाहरण हैं।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर दीपा ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि दीपा की सफलता यह साबित करती है कि यदि प्रतिभा को अवसर और प्रोत्साहन मिले तो ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने दीपा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में वह और भी बड़े मंचों पर भारत के लिए स्वर्णिम सफलताएं अर्जित करेंगी।

राष्ट्रीय महासचिव ने यह भी कहा कि भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति हमेशा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, युवाओं और बेटियों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध रही है। समाज को ऐसी प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना चाहिए ताकि नई पीढ़ी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सके।

गौरतलब है कि यह दीपा जाटव का दूसरा अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक है। इससे पहले भी वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वेटलिफ्टिंग के अलावा दीपा ने जूडो और कराटे जैसे खेलों में भी अनेक राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक जीतकर अपनी असाधारण खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी लगातार सफलताएं उन्हें क्षेत्र की उभरती हुई खेल प्रतिभाओं में शामिल करती हैं।

दीपा जाटव की इस उपलब्धि से ग्राम मामूरा, नोएडा और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि दीपा की सफलता से अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इस सम्मान समारोह में एडवोकेट धर्मवीर सिंह चौहान, नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश तवर, महानगर युवा अध्यक्ष राजकुमार (मोनू), अरुण गौतम, विजय पाल भाटी, सुनील बैसोया, मन्नू शर्मा, महेश बैसोया, सन्नी, प्रमोद प्रजापति, दीपक जाटव, विकास, ऋषभ, विशाल, पीयूष, रोहित (हाजीपुर), कमल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी ने दीपा जाटव को उनकी शानदार सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने की कामना की।।