सोमवार, 22 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मोबाइल चोरी गैंग का भंडाफोड़: 50 लाख के 100 मोबाइल फोन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार !!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: मोबाइल चोरी गैंग का भंडाफोड़: 50 लाख के 100 मोबाइल फोन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 100 चोरी के मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप गाड़ी और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-153 स्थित पानी की टंकी के पीछे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद उर्फ रुद्रेश, पंकज उर्फ धीरेन्द्र और मोहित पुंडीर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को विभिन्न स्थानों पर बेचने की फिराक में थे। समय रहते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को दबोच लिया। बरामद किए गए मोबाइल फोन IQOO कंपनी के बताए जा रहे हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये है।

फर्जी नंबर प्लेट लगी पिकअप भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर DL7LAH7827 लगी महिंद्रा पिकअप गाड़ी भी बरामद की है। इसके अलावा आरोपी आनंद उर्फ रुद्रेश और मोहित पुंडीर के पास से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपी आनंद उर्फ रुद्रेश के खिलाफ दिल्ली और गुरुग्राम में माल चोरी व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं, जबकि मोहित पुंडीर के खिलाफ हाथरस और सिकंदराराऊ में चोरी एवं अन्य आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा संख्या 136/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

बरामदगी

  • चोरी के 100 IQOO मोबाइल फोन
  • फर्जी नंबर प्लेट लगी महिंद्रा पिकअप
  • 02 अवैध चाकू

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम का हिस्सा है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।।