मंगलवार, 30 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली बड़ी राहत, दादरी साइबर टीम ने वापस कराए 90 हजार रुपये!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली बड़ी राहत, दादरी साइबर टीम ने वापस कराए 90 हजार रुपये!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना दादरी साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई और प्रभावी समन्वय का परिचय देते हुए ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। साइबर अपराधियों द्वारा ठगे गए 99 हजार रुपये में से 90 हजार रुपये पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस कराए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, 7 मार्च 2026 को पीड़ित ने थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन झांसा देकर उसके साथ 99 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत मिलते ही थाना दादरी साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और संबंधित बैंकों व अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

लगातार तकनीकी जांच, बैंकिंग समन्वय और प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने पीड़ित के 90 हजार रुपये सुरक्षित वापस कराने में सफलता प्राप्त की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी आर्थिक राहत मिली।

पीड़ित ने धनराशि वापस मिलने पर थाना दादरी साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली और तत्परता की जमकर सराहना की। उसने कहा कि समय पर पुलिस की कार्रवाई से उसकी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है और पीड़ितों को शीघ्र न्याय एवं राहत दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।।