मंगलवार, 30 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: 4 वर्षीय मासूम को परिवार से मिलाने में ईकोटेक-1 पुलिस की तत्परता आई काम, घंटों की मशक्कत के बाद मां की गोद में लौटी खुशियां!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: 4 वर्षीय मासूम को परिवार से मिलाने में ईकोटेक-1 पुलिस की तत्परता आई काम, घंटों की मशक्कत के बाद मां की गोद में लौटी खुशियां!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना ईकोटेक-1 पुलिस ने संवेदनशीलता, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक गुमशुदा चार वर्षीय मासूम बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर मानवता की मिसाल पेश की है। पुलिस की सक्रियता और लगातार किए गए प्रयासों के चलते मासूम सुरक्षित अपनी मां की गोद में लौट आया, जिससे परिवार की खुशियां वापस लौट आईं।

मंगलवार को थाना ईकोटेक-1 पुलिस को सूचना मिली कि करीब चार वर्षीय एक बालक काफी समय से एक दुकान पर अकेला बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान बालक अपना नाम तो बता सका, लेकिन वह अपने माता-पिता और घर का सही पता बताने में असमर्थ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ईकोटेक-1 पुलिस ने तत्काल बालक के परिजनों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया। पुलिसकर्मियों ने आसपास के बाजार, दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों, किरायेदारों और राहगीरों से लगातार पूछताछ की। साथ ही बालक का फोटो दिखाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया गया।

पुलिस टीम के निरंतर प्रयास, सतर्कता और सूझबूझ के चलते आखिरकार बालक की मां का पता चल गया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए मासूम को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखों में खुशी छलक उठी और उन्होंने पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

थाना ईकोटेक-1 पुलिस की इस मानवीय और सराहनीय कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता और उनकी सुरक्षा के लिए भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।।