रविवार, 7 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: कमिश्नरेट पुलिस का एक्शन मोड: सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 343 लोग कानून के घेरे में!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कमिश्नरेट पुलिस का एक्शन मोड: सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 343 लोग कानून के घेरे में!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 7 जून 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेंट्रल नोएडा जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 343 व्यक्तियों को कानून के दायरे में लाया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।

रविवार को सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए 343 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि जनसुरक्षा, सामाजिक अनुशासन और सार्वजनिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस द्वारा लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों से दूर रहें और कानून का सम्मान करें।

इस विशेष अभियान के माध्यम से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक व्यवस्था और शांति भंग करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर लगातार काम कर रही है।।