गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में वाहन चोर गिरोह पर बीटा-2 पुलिस का शिकंजा, दो शातिर गिरफ्तार; चोरी की स्कूटी-मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बीटा-2 पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने आईथम गैलेरिया मॉल के पास चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के दौरान कार्रवाई करते हुए अर्पित पुत्र प्रमोद सिवाच और विवेक पुत्र गुलाब सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी संख्या UP16CF0972 तथा मोटरसाइकिल संख्या UP80GV7664 बरामद हुई। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से एक-एक अवैध चाकू भी मिला।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अर्पित पुत्र प्रमोद सिवाच निवासी नगला हुकुम सिंह, थाना रबूपुरा और विवेक पुत्र गुलाब सिंह निवासी अट्टा गुर्जरान, थाना दनकौर, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके साथ एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया कि बरामद स्कूटी थाना बीटा-2 क्षेत्र से चोरी की गई थी, जबकि बरामद मोटरसाइकिल थाना दनकौर में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों का संबंध वाहन चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह से हो सकता है। इस संबंध में उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।
