शनिवार, 6 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: घरेलू विवाद का दर्दनाक अंत: मां को घायल कर 21 वर्षीय युवक ने लगाई मौत की छलांग!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: घरेलू विवाद का दर्दनाक अंत: मां को घायल कर 21 वर्षीय युवक ने लगाई मौत की छलांग!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित राधा स्काई गार्डन सोसायटी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के दौरान एक 21 वर्षीय युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और इसके कुछ ही देर बाद पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से सोसायटी में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित राधा स्काई गार्डन सोसायटी से एक युवक के ऊंचाई से गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में मृतक की पहचान सागर यादव (21 वर्ष) पुत्र अनिल यादव निवासी ग्राम पतवाड़ी, थाना बिसरख, हाल निवासी फ्लैट नंबर-1804, टावर-1, राधा स्काई गार्डन सोसायटी के रूप में हुई।

पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सागर यादव अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ सोसायटी के 18वें तल पर स्थित फ्लैट में रहता था। शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसकी अपनी मां से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।

घटना के बाद सागर फ्लैट से बाहर निकल गया और कुछ ही देर बाद नीचे आकर सोसायटी की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घायल मां को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं और उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सागर यादव मानसिक रूप से अस्वस्थ था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसका उपचार चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सके।

थाना बिसरख पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना ने राधा स्काई गार्डन सोसायटी के निवासियों को स्तब्ध कर दिया है। कुछ ही मिनटों में हुए घटनाक्रम ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, वहीं सोसायटी में भी घटना को लेकर दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।।