सोमवार, 25 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ईद-उल-अज़हा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ईद-उल-अज़हा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों संग की पीस कमेटी बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 25 मई 2026। आगामी ईद-उल-अज़हा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में रविवार को डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह द्वारा एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार, समस्त थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, धर्मगुरुओं एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी धर्मगुरुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बैठक में मौजूद थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखें और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान छोटी-छोटी अफवाहें भी माहौल बिगाड़ सकती हैं, इसलिए पुलिस पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।

बैठक में मौजूद नागरिकों और धर्मगुरुओं ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आयोजित इस पीस कमेटी बैठक को सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है।।