शनिवार, 9 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: मातृ दिवस पर सजी संवेदनाओं की महफिल: ‘क्षितिज की गूँज – एक सम्मान माँ के नाम’ कार्यक्रम में माताओं के त्याग और संघर्ष को मिला सम्मान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मातृ दिवस पर सजी संवेदनाओं की महफिल: ‘क्षितिज की गूँज – एक सम्मान माँ के नाम’ कार्यक्रम में माताओं के त्याग और संघर्ष को मिला सम्मान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। मातृ दिवस के अवसर पर फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन द्वारा सेक्टर-70 में आयोजित ‘क्षितिज की गूँज – एक सम्मान माँ के नाम’ कार्यक्रम भावनाओं, सम्मान और प्रेरणा का अद्भुत संगम बन गया। यह विशेष आयोजन उन माताओं को समर्पित रहा, जिनके प्रेम, संघर्ष और अथक समर्पण ने विशेष बच्चों की थेरेपी यात्रा को नई दिशा देने का कार्य किया है। कार्यक्रम में मातृत्व की शक्ति, महिला सशक्तिकरण और बच्चों की प्रतिभा का भावुक और प्रेरणादायक चित्र देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान विशेष बच्चों की माताओं को ताज पहनाकर तथा सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच पर सम्मान पाते समय कई माताओं की आंखें नम हो गईं। आयोजकों ने कहा कि विशेष बच्चों की परवरिश केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि साहस, धैर्य और समर्पण की ऐसी मिसाल है जो पूरे समाज को प्रेरित करती है।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला जब माताओं ने आत्मविश्वास और गरिमा के साथ रैंप वॉक कर महिला सशक्तिकरण का जीवंत संदेश दिया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच माताओं ने यह साबित कर दिया कि एक माँ केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि समाज की सबसे मजबूत नींव होती है।

इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों ने अपनी माताओं को समर्पित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्तियों और भावनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। वहीं आर्ट-क्राफ्ट गतिविधियों और मनोरंजक गेम्स ने माँ-बच्चों के रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाने का काम किया। बच्चों द्वारा अपनी माताओं के लिए स्वयं तैयार किए गए उपहार पाकर माताएं भावुक हो उठीं और कई परिवारों ने इस पल को यादगार बताया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. निधि बंसल रहीं। इस दौरान फाउंडेशन के बच्चों द्वारा तैयार किए गए हैंड सैनिटाइज़र और इन-हाउस न्यूज़लेटर भेंट कर उनका सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि समाज में विशेष बच्चों और उनकी माताओं के लिए इस प्रकार के सकारात्मक और सम्मानजनक आयोजन नई सोच को जन्म देते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कृष्णा शर्मा, अविनाश सेठी, काकुली चटर्जी एवं वंदना सोनी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने माताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक विशेष बच्चे की सफलता के पीछे उसकी माँ का संघर्ष और समर्पण सबसे बड़ी ताकत होता है।

आयोजन को सफल बनाने में विशेष शिक्षिका एलिका रावत, एडमिन हेड कृष्णा यादव और फिजियोथेरेपिस्ट अभिनव प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में निदेशक डॉ. महीपाल सिंह एवं डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, सीईओ डॉ. सुष्मिता भाटी, डिजिटल मीडिया मैनेजर सौम्या सोनी और सेंटर मैनेजर सुरभि जैन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ समाज को संवेदनशील और सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।