शनिवार, 23 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रमिक आंदोलन की आड़ में आगजनी करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रमिक आंदोलन की आड़ में आगजनी करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने श्रमिक आंदोलन के दौरान सेक्टर-63 क्षेत्र में हुई आगजनी और हिंसक प्रदर्शन की घटना में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर विपुल मोटर्स के बाहर खड़े दर्जनों वाहनों में आग लगाने और तोड़फोड़ करने का गंभीर आरोप है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 13 अप्रैल 2026 को श्रमिकों एवं मजदूरों द्वारा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर कानून व्यवस्था प्रभावित हुई और कुछ अराजक तत्वों ने हिंसक रूप धारण कर लिया। इसी दौरान थाना सेक्टर-63 क्षेत्र स्थित विपुल मोटर्स के आसपास आगजनी और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके संबंध में थाना सेक्टर-63 में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नरेश कुमार पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम जैतीखेड़ा थाना कल्याणपुर जनपद फतेहपुर, वर्तमान निवासी चोटपुर थाना सेक्टर-63 गौतमबुद्धनगर, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त महावीरा कंपनी, सेक्टर-63 में टेलर के रूप में कार्यरत था।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन नरेश कुमार ने महावीरा कंपनी परिसर में पहुंचकर कर्मचारियों को हड़ताल के लिए उकसाया और उन्हें प्रदर्शन में शामिल किया। इसके बाद वह भीड़ के साथ नारेबाजी करते हुए विपुल मोटर्स के सामने पहुंचा, जहां पहले से भारी संख्या में लोग मौजूद थे। आरोप है कि अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ सुनियोजित तरीके से वहां खड़े कई चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगे। इसके अलावा लोहे के पाइप से वाहनों में तोड़फोड़ कर अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना के बाद पुलिस की विशेष टीम द्वारा लगातार जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर अभियुक्त की पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों में अभियुक्त स्पष्ट रूप से आगजनी की घटना को अंजाम देता दिखाई दे रहा है।

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि अभियुक्त पूर्व में हरियाणा के मानेसर क्षेत्र में हुए श्रमिक आंदोलनों में भी शामिल रहा था। उसके मोबाइल फोन से श्रमिक यूनियन से संबंधित कई दस्तावेज एवं अभिलेख बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त ने अपना मोबाइल नंबर दूसरी सर्विस प्रदाता कंपनी में पोर्ट करा लिया था, लेकिन तकनीकी निगरानी के माध्यम से पुलिस ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है और सभी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।