गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, महिला की हुई थी मौत!!
दो टूक//नोएडा :पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-1 क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी हरनाम सिंह गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने कुछ दिन पहले एक ही परिवार पर सोते समय धारदार हथियार से हमला कर दिया था, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, 23/24 मई 2026 की रात थाना फेस-1 क्षेत्र में सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और उनकी दो बेटियों पर घर में सोते समय धारदार हथियार से हमला किया गया था। इस सनसनीखेज वारदात में संजू देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फेस-1 पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। लगातार तलाश के बाद रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरनाम सिंह पुत्र माखन लाल निवासी ग्राम मगरासा थाना भूता जनपद बरेली तथा वर्तमान निवासी हरौला थाना फेस-1 गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त छुरा, एक तमंचा, .315 बोर का जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी की स्कूटी बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आबकारी एक्ट और अन्य अपराध शामिल हैं।
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
