गौतमबुद्धनगर: सोते हुए गार्ड के कंधे से उड़ा ले गए लाइसेंसी बंदूक, 24 घंटे के भीतर नोएडा पुलिस ने चार शातिर दबोचे!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक चोरी करने की सनसनीखेज घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक, चार कारतूस, सुरक्षा गार्ड की सीटी, बैंक पासबुक, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को एक सुरक्षा गार्ड सड़क किनारे सो रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की नजर उसके कंधे पर टंगे काले बैग पर पड़ी, जिसमें लाइसेंसी बंदूक रखी हुई थी। मौके का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने बंदूक चोरी कर ली और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-20 पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने घटना का सफल अनावरण करते हुए रविवार को सेक्टर-31 स्थित भगत सिंह पार्क के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिव्यांशु शुक्ला उर्फ भूरी, शिवम, साहिल शर्मा और आर्यन सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सुरक्षा गार्ड की बंदूक चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक को डिसमेंटल अवस्था में बरामद किया है। साथ ही चार कारतूस, गार्ड की सीटी, बैंक पासबुक और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। गिरफ्तार दो आरोपियों के पास से अवैध चाकू भी मिले हैं, जिसके संबंध में अलग से आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी त्वरित आर्थिक लाभ के उद्देश्य से वारदातों को अंजाम देते थे। इनमें से एक आरोपी दिव्यांशु शुक्ला के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने की भी जांच कर रही है।
नोएडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की गंभीर घटना का शीघ्र खुलासा हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
