गौतमबुद्धनगर“पांच साल में 1 लाख वालंटियर का लक्ष्य: ‘नोएडा आई केयर’ जन-अभियान बना शहर को बदलने का संकल्प”!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। शहर को स्वच्छ, संवेदनशील, जागरूक और सहभागी नागरिकता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से “नोएडा आई केयर” जन-अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। यह पहल किसी एक संस्था तक सीमित न रहकर एक व्यापक जनआंदोलन के रूप में सामने आई, जिसमें हर नोएडावासी की भागीदारी और जिम्मेदारी को केंद्र में रखा गया।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों—कॉरपोरेट सेक्टर, एनजीओ, आरडब्ल्यूए, विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल, अस्पताल, सामाजिक संगठन, युवा वर्ग और जागरूक नागरिकों—की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। इस अवसर पर एमिटी यूनिवर्सिटी से आनंद चौहान, नोएडा लोकमंच के अध्यक्ष प्रभात कुमार, महासचिव महेश सक्सेना, डॉ. प्रभात कुमार, दिलीप पटेल, डॉ. अमित मुखर्जी एवं प्रभाकर वत्स सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नागरिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पांच प्रमुख फोकस एरिया पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, अनुशासन, सामाजिक संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व को रेखांकित किया गया। इसी क्रम में डॉ. प्रभात कुमार द्वारा उपस्थित लोगों को शहर के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई।
संकल्प को और मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों से हस्ताक्षर भी कराए गए, जिससे उन्होंने नोएडा को स्वच्छ, सुंदर, अनुशासित और संवेदनशील शहर बनाने के अपने वचन को औपचारिक रूप दिया।
नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि “मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक सोच है, जो हर नागरिक को अपने शहर के प्रति जागरूक और उत्तरदायी बनाती है। उन्होंने कहा कि एक साफ-सुथरा शहर केवल उसकी सुंदरता का प्रतीक नहीं होता, बल्कि यह वहां के नागरिकों की जागरूकता, स्वस्थ समाज और सशक्त सभ्यता का परिचायक होता है।
वहीं कवि विनोद पांडेय ने इस अभियान के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि आने वाले पांच वर्षों में एक लाख वालंटियर जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जो इस जन-अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम को देखने और समझने वाले लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। सोशल मीडिया पर भी “नोएडा आई केयर” अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और लोग इसे शहर के भविष्य के लिए एक मजबूत कदम मान रहे हैं।
अंत में महासचिव महेश सक्सेना ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की, ताकि मिलकर नोएडा को एक आदर्श, स्वच्छ और जागरूक शहर बनाया जा सके।
