रविवार, 3 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का संगठन विस्तार: ट्रैक्टर रैली से गूंजा नोएडा, सैकड़ों किसानों की मौजूदगी में 100 लोगों ने ली सदस्यता!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का संगठन विस्तार: ट्रैक्टर रैली से गूंजा नोएडा, सैकड़ों किसानों की मौजूदगी में 100 लोगों ने ली सदस्यता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 3 मई 2026 — भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा इलाहाबास सामुदायिक केंद्र में आयोजित किसान संगोष्ठी एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में खासा प्रभाव डाला। कार्यक्रम की शुरुआत सलारपुर स्थित शिव मंदिर, गुर्जर सम्राट मिहिर भोज चौक (सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन) से भव्य ट्रैक्टर रैली के साथ हुई। जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में निकले इस काफिले ने प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींचा, जिसके चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र प्रधान ने की, जबकि संचालन महेश खटाना ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, जिला सचिव सचिन अवाना, विकास गुर्जर, श्रीपाल कसाना, सुभाष भाटी और रविंद्र भगत सहित अनेक प्रमुख किसान नेता मौजूद रहे।

हजारों किसानों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर एडिशनल डीसीपी नोएडा आर.के. गौतम, थाना अध्यक्ष फेस-2 राघवेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी विकास सिंह (एलआईयू) समेत पीएसी बल की तैनाती की गई।

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी ने मौके पर पुलिस प्रशासन से संवाद स्थापित करते हुए स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम किसी प्रकार का आंदोलन नहीं, बल्कि किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु एक संगोष्ठी है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हुआ, तो भविष्य में पंचायत के माध्यम से आवाज बुलंद की जाएगी।

इस दौरान किसानों ने अपनी प्रमुख समस्याओं को मुखरता से उठाया, जिनमें 10% आवासीय भूखंड की मांग, आबादी निस्तारण, युवाओं को रोजगार, विद्युत आपूर्ति में सुधार, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा 33 एकड़ भूमि से जुड़ी जटिलताएं प्रमुख रहीं।

जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने संबोधन में किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) हर किसान के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने प्राधिकरण स्तर पर वार्ता कर सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत ही किसानों की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी एकजुटता के बल पर हर संघर्ष जीता जाएगा।

जिला सचिव सचिन अवाना ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए संगठन से जुड़ने और किसान हितों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक है और उसकी भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है।

संगठन विस्तार के क्रम में लगभग 100 लोगों ने एक साथ भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की सदस्यता ग्रहण की, जो इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। इस दौरान अनिल खारी पुत्र विमल खारी को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी नए सदस्यों को जिलाध्यक्ष अशोक भाटी द्वारा टोपी, माला और सदस्यता पर्ची देकर सम्मानपूर्वक शामिल किया गया।

कार्यक्रम में संदीप अवाना, प्रमोद टाइगर, विनोद प्रधान, सुंदर बाबा, नवल प्रधान, नितीराज चौधरी, जोगिंदर भड़ाना, सिंहराज गुर्जर, संजय फौजी, मनोज त्यागी, धीरेश नंबरदार, राकेश लोहिया, प्रवीण बाबा, प्रदीप भाटी, सुधीर भाटी, दीपक भाटी, शैलेश बेसोया, हिमांशु चपराना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ग्रामीणों द्वारा सभी अतिथियों का पगड़ी और मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। किसानों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि युवाओं की भारी भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, एकता और संगठन के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बढ़ते प्रभाव की मजबूत तस्वीर पेश करता है।।