गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में ‘थार गैंग’ पर पुलिस का तगड़ा शिकंजा: सड़क पर गुंडागर्दी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी सीज!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। शहर की पॉश सोसाइटी एरिया में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दबंग युवकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, मामला गौर सिटी-1 के 7th एवेन्यू रोड का है, जहां ब्लैक थार सवार कुछ युवकों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि इन युवकों ने सड़क पर खुलेआम हंगामा किया, राहगीरों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट तक की। वायरल वीडियो में कुछ युवक अर्धनग्न अवस्था में उपद्रव करते और कानून की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने इस तरह की गुंडागर्दी पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिसरख थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ब्लैक थार वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
वायरल वीडियो बना सबूत
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए वीडियो को पुलिस ने जांच का आधार बनाया। वीडियो में साफ तौर पर युवक सड़क पर हंगामा करते, अभद्र भाषा का प्रयोग करते और आम लोगों को परेशान करते दिखाई दे रहे हैं।
कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।।
