गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-39 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल व अवैध हथियार बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा, 25 अप्रैल 2026। थाना सेक्टर-39 नोएडा पुलिस ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता हासिल करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और एक .315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को थाना सेक्टर-39 की टीम द्वारा सेक्टर-100 क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान जौन कुमार (21 वर्ष) और अरुण (20 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर जौन के पास से एक अवैध चाकू तथा अरुण के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। इसके अलावा उनके पास से एक चोरी का मोबाइल फोन भी मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जौन कुमार मूल रूप से झारखंड के गुमला जिले का निवासी है, जबकि अरुण उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद का रहने वाला है। दोनों फिलहाल नोएडा व दिल्ली में रह रहे थे और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 174/2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस एवं 4/9/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
