बुधवार, 4 मार्च 2026

गोण्डा- दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत, होली की खुशियां बदली मातम में

शेयर करें:
गोण्डा- करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय किसान बृजेश तिवारी की मौत हो गई, जिससे होली की खुशियां मातम में बदल गईं। यह हादसा गोंडा- लखनऊ राजमार्ग पर चौरी और एफसी मैजापुर के बीच बटौरा नहर चौराहे के पास उस समय हुआ, जब बृजेश तिवारी त्योहार के मौके पर किसी परिचित से मुलाकात कर पैदल वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार कार उन्हें जोरदार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गई। स्थानीय लोगों ने कार का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वे उसे पकड़ने में असफल रहे।
​गंभीर रूप से घायल बृजेश को परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक बृजेश तिवारी मैजापुर दर्शन तिवारी पुरवा के निवासी थे और वे अविवाहित थे। होली त्योहार के दिन हुई इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।