गोण्डा- गुरुवार सुबह इटियाथोक रेलवे स्टेशन और पारासराय क्रॉसिंग के मध्य रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8 बजे स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल रेलवे और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक, शव झाड़ियों में पड़े होने से किसी की नजर नहीं गई। एसएचओ कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। मामले की जांच जारी है और पुलिस महिला की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है।