शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गोण्डा- मृतक होमगार्ड के परिजन को बैंक ने दिया 30 लाख की आर्थिक सहायता रकम

शेयर करें:
गोण्डा- कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मृतक होमगार्ड स्वर्गीय जगजीवन राम यादव के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता एक्सिस बैंक द्वारा संचालित सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत मृत्यु उपरांत नॉमिनी परिजन को दी गई। कार्यक्रम में बैंक की ओर से स्वर्गीय जगजीवन राम यादव के नामित परिजन को 30 लाख रु की धनराशि का चेक प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि होमगार्ड जवान समाज और प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपदा प्रबंधन और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में हमेशा तत्पर रहते हैं। ऐसे में उनके आकस्मिक निधन की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक संबल मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एक्सिस बैंक द्वारा दी गई इस सहायता को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे परिवार को कठिन समय में सहारा मिलेगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना रहा बल्कि यह संदेश देना भी रहा कि प्रशासन और संस्थाएं अपने कर्मचारियों तथा उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी हैं। कार्यक्रम में परिजनों ने प्रशासन और बैंक का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कमांडेंट होमगार्ड एसपी सिंह, एक्सिस बैंक के क्लस्टर हेड, ब्रांच हेड तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।