लखनऊ :
राइजिंग सन विजडम स्कूल के वार्षिकोत्सव में छात्रो ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगज क्षेत्र के धनवारा स्थित राइजिंग सन विजडम स्कूल का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कर्नल ए. के. शुक्ला ने सीईओ मानवेन्द्र सिंह व प्रधानाचार्य सुप्रीत सिंह की मौजूदगी में मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक गणेश वंदना और स्वागत गीत से हुई। नन्हे-मुन्ने प्ले ग्रुप के बच्चों ने “चंदा ने पूछा तारों से सबसे प्यारा कौन है…पापा मेरे पापा” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने सामाजिक और पौराणिक विषयों पर आधारित नाटकों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। ‘कलयुग’, ‘महाभारत’, ‘नारी शक्ति’, ‘चाइल्ड लेबर’ तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे विषयों पर आधारित नाटकों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और समाज को सकारात्मक संदेश दिया। फिल्मी गीतों पर प्रस्तुत समूह नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया।
मुख्य अतिथि कर्नल ए. के. शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि मंच पर उनका आत्मविश्वास उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की रुचियों को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सीईओ मानवेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना है।प्रधानाचार्य सुप्रीत सिंह ने शिक्षकों अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन का विश्वास जताया।प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।इस मौके पर अभिभावको समेत सभी शिक्षक मौजूद रहे।
●फोटो --
