गौतमबुद्धनगर: सीएसआर पहल: यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड ने राजकीय बाल गृह बालिका को दी नई बस, शिक्षा तक पहुंच होगी अब और सुरक्षित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतम बुद्ध नगर, 27 फरवरी 2026
दो टूक// नोएडा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम के तहत सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह बालिका के लिए एक नई बस प्रदान की है। यह बस बालिकाओं के विद्यालय आने-जाने को सुरक्षित, सुगम और नियमित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं रिबन काटकर बस को महिला कल्याण विभाग के माध्यम से राजकीय बाल गृह बालिका को सुपुर्द किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने यामाहा के इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बालिकाओं की शिक्षा को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित परिवहन की सुविधा मिलने से बालिकाओं की स्कूल तक पहुंच आसान होगी, जिससे न केवल उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। यह सहयोग उनके सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, संरक्षण अधिकारी विभा त्रिपाठी, बाल गृह की अधीक्षिका सहित यामाहा कंपनी के प्रतिनिधि विनायक गुप्ता, कौशल कुमार तिवारी और श्यामलाल कुमार आचार्य भी उपस्थित रहे।
यह पहल सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों का एक सकारात्मक उदाहरण है, जो जरूरतमंद बालिकाओं के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।
