गोण्डा- सीडीओ अंकिता जैन ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील मनकापुर में जनसमस्याओं की सुनवाई की। तत्पश्चात विकासखण्ड मनकापुर स्थित सभी दफ्तरों का उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान विकासखंड परिसर में साफ सफाई की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने व सभी दफ्तरों में अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को दिये। निरीक्षण के दौरान परिसर में संचालित जन आधार केंद्र में शासन द्वारा निर्धारित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन शुल्क का स्पष्ट अंकन दीवारों पर लिखा नहीं मिला। इसपर बीडीओ मनकापुर को तत्काल शुल्क विवरण प्रदर्शित कराए जाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मॉडल आवास का निर्माण कार्य प्रगति पर पाया गया। सीडीओ द्वारा निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली तथा अधिकारी एवं कर्मचारी के नाम की पट्टिका भी नहीं लगी पाई गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारी को साफ सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं कार्यालय में बैठने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी के नाम-पट्टिका लगाए जाने के निर्देश दिये गए।
