गोण्डा- एसपी विनीत जायसवाल ने रामेश्वर नाथ धाम में आयोजित जनहित मेले में प्रतिभाग कर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं, मिशन शक्ति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा नागरिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से आरएन सिन्हा फाउंडेशन के तत्वावधान में रामेश्वर नाथ धाम, ग्राम पयागपुर नौबस्ता, थाना वजीरगंज क्षेत्र में जनहित मेले का तीन दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल, वामासारथी संघ की अध्यक्षा डॉ० तन्वी जायसवाल तथा अंडर ट्रेनिंग आईएफएस अधिकारी सुश्री प्रिया अग्रवाल द्वारा प्रतिभाग किया गया। मेले में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जनहित मेले के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।