शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2026

गोण्डा- जनगणना कार्य की तैयारियों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ डीएम ने की बैठक

शेयर करें:
गोण्डा- कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आगामी जनगणना कार्य की तैयारियों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इसे सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में गर्भवती महिलाओं, दिव्यांग कर्मचारियों तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के अध्यापकों व कर्मचारियों की ड्यूटी किसी भी स्थिति में न लगाई जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी निर्धारण किया जाए, जिससे किसी भी कर्मचारी को अनावश्यक असुविधा न हो।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन हेतु जिला मुख्यालय पर पृथक कार्यालय स्थापित किया जाए, जहां से समस्त गतिविधियों का समन्वय एवं नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आवश्यक संसाधन, कार्मिक एवं तकनीकी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनगणना कार्य की प्रगति की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए। संबंधित अधिकारी दैनिक समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या बाधा की सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं, जिससे उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनगणना की तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है और इसे पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतलाल पटेल, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा अशोक कुमार गुप्ता, उपजिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।