गोण्डा- जिला पंचायत सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक जनप्रतिनिधियों की अध्यक्षता में आज सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य जनपद में संचालित विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करना तथा विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करना रहा।
बैठक में जनपद के समस्त प्रमुख विभागों—लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, विद्युत, पंचायतीराज, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों—द्वारा संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति, वित्तीय व्यय तथा गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। जनप्रतिनिधियों ने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने पर बल दिया।
इस अवसर पर विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह, विधायक गौरा प्रभात वर्मा ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की तथा आवश्यक सुझाव दिए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के द्वारा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल का भी वितरण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने अवगत कराया कि सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है तथा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखते हुए जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया जाएगा। बैठक में अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के विकास कार्यों में और अधिक तेजी लाने तथा जनसामान्य की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प व्यक्त किया गया।
