गौतमबुद्धनगर: स्कूल पहुँचा ही नहीं… 7 घंटे बाद 25 किमी दूर सुनसान यार्ड में बंद बस से मिला UKG का मासूम — एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की बड़ी लापरवाही उजागर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-44 स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल में सुरक्षा और परिवहन प्रबंधन की ऐसी चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है, जिसने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। UKG में पढ़ने वाला एक मासूम छात्र सुबह रोज की तरह स्कूल बस में बैठा, लेकिन सीट पर ही सो गया। स्कूल पहुंचने के बाद बस चालक और सहायक ने बस की अनिवार्य जांच नहीं की और वाहन को बिना देखे ही आगे भेज दिया।
बताया जा रहा है कि बस को स्कूल से करीब 25 किलोमीटर दूर एक सुनसान यार्ड में खड़ा कर दिया गया। इस दौरान बच्चा उसी बस के अंदर बंद रह गया। भूख-प्यास से व्याकुल मासूम घंटों तक रोता-बिलखता रहा, लेकिन उसकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था।
करीब 6 से 7 घंटे तक बच्चा बस के अंदर अकेला पड़ा रहा और स्कूल प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। दोपहर में जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने तुरंत स्कूल से संपर्क किया, जिसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बच्चे की तलाश शुरू की गई।
लंबी खोजबीन के बाद बच्चा उसी बस में मिला, जिसे सुनसान यार्ड में खड़ा किया गया था। समय रहते बच्चे के सुरक्षित मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन यह घटना स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रांसपोर्ट सिस्टम की गंभीर खामियों को उजागर करती है।
यह डरा देने वाली लापरवाही अब कई सवाल खड़े कर रही है—क्या स्कूल बसों की नियमित जांच होती है? बच्चों की उपस्थिति की पुष्टि का कोई सिस्टम है या नहीं? अभिभावकों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है और वे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।।
