शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-18 में बड़ा हादसा: रेडिसन ब्लू होटल के सामने ट्रांसफार्मर फटा, राह चलते दो युवक झुलसे!!

शेयर करें:

 गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-18 में बड़ा हादसा: रेडिसन ब्लू होटल के सामने ट्रांसफार्मर फटा, राह चलते दो युवक झुलसे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। शहर के सबसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र सेक्टर-18 में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रेडिसन ब्लू होटल के सामने लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के वक्त ट्रांसफार्मर के नीचे से गुजर रहे दो राहगीर विस्फोट की चपेट में आ गए। तेज धमाके के साथ उठी आग की लपटों ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-20 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्तियों की पहचान —

  • विजय कुमार, पुत्र श्री संतोष कुमार, निवासी गली नंबर 3, सेक्टर-44 नोएडा
  • हर्ष, पुत्र रविकांत, निवासी अशोक नगर, दिल्ली

के रूप में हुई है।

दोनों युवक सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक बिजली का ट्रांसफार्मर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम कर दी है। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

फिलहाल ट्रांसफार्मर में विस्फोट होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है तथा आवश्यक अग्रिम कार्यवाही जारी है।।