रविवार, 8 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में छात्र की आत्महत्या से सनसनी: 15वीं मंज़िल से छलांग, पढ़ाई के दबाव की आशंका!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में छात्र की आत्महत्या से सनसनी: 15वीं मंज़िल से छलांग, पढ़ाई के दबाव की आशंका!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा में आत्महत्या की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। सेक्टर-168 स्थित सनवर्ल्ड अरिस्टा सोसाइटी में शनिवार दोपहर 17 वर्षीय छात्र ने 15वीं मंज़िल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

मृतक छात्र की पहचान आर्यन प्रधान के रूप में हुई है, जो दिल्ली के साकेत स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। आर्यन अपने परिवार के साथ सनवर्ल्ड अरिस्टा सोसाइटी की 10वीं मंज़िल पर रहता था। घटना के समय उसकी मां घर में ही मौजूद थीं, जबकि पिता जर्मनी में रहते हैं।

जानकारी के मुताबिक शनिवार को आर्यन का स्कूल में प्रैक्टिकल था। दोपहर करीब एक बजे स्कूल से लौटने के बाद वह अपने टॉवर में जाने के बजाय पास के टॉवर नंबर-10 में चला गया। सीसीटीवी फुटेज में आर्यन को लिफ्ट से ऊपरी मंज़िल की ओर जाते हुए देखा गया है। कुछ क्षण बाद उसने बहुमंज़िला इमारत से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। छात्र का बैग इमारत की छत से मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पढ़ाई के तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बताया कि आर्यन पढ़ाई में मेधावी था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि उसके अंतिम संपर्कों और गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

घटना की सूचना मिलने पर आर्यन के पिता ऋषि प्रधान, जो जर्मनी में रहते हैं, रविवार को नोएडा पहुंचे। परिवार में आर्यन की एक बड़ी बहन भी है, जो चेन्नई में मेडिकल की पढ़ाई कर रही है।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और पढ़ाई के दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।।